home page

एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, भारत–नेपाल सीमा पर 56 किलोग्राम गांजा जब्त

 | 
एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, भारत–नेपाल सीमा पर 56 किलोग्राम गांजा जब्त


सुपौल, 16 मार्च (हि.स.)। भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी सुपौल जिले के कुनौली से बड़ी कार्रवाई करते हुए 56 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई सोमवार को पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान की गई।

जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सीमा चौकी कुनौली के जिम्मेवारी क्षेत्र अंतर्गत सीमा स्तंभ संख्या 219/30 के समीप मादक पदार्थ की तस्करी की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसएसबी के जवानों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पेट्रोलिंग पार्टी का गठन किया गया और संदिग्ध स्थान की सघन तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान धरारा पलार (बीपी संख्या 219/30 के समीप) जमीन में दबे तीन बोरे बरामद किए गए। जब बोरों को खोलकर देखा गया तो उनमें कुल तीन पैकेट मादक पदार्थ मारिजुआना (गांजा) मिला, जिसका कुल वजन लगभग 56 किलोग्राम पाया गया।

एसएसबी द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए थाना कुनौली, जिला सुपौल को सुपुर्द कर दिया गया। इस अभियान में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार सहित अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र