home page

एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 235 किलो गांजा बरामद

 | 
एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 235 किलो गांजा बरामद


एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 235 किलो गांजा बरामद


सुपौल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।

सीमा चौकी सिमरीघाट क्षेत्र में संयुक्त टीम ने नदी पार पलार क्षेत्र में छिपाकर रखे गए करीब 235 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा 8 पैकेटों में रखा हुआ था।

जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को करीब 1:55 बजे सीमा स्तंभ संख्या 226/16 के समीप भारतीय क्षेत्र की ओर नदी पार पलार क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा संदिग्ध सामान छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही 45वीं वाहिनी एसएसबी की सीमा चौकी सिमरीघाट के जवानों और भपटियाही थाना पुलिस की संयुक्त विशेष गश्ती टीम को तत्काल संबंधित क्षेत्र में रवाना किया गया। क्षेत्र की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया गया।

संयुक्त टीम ने नदी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान छिपाकर रखे गए 8 पैकेट संदिग्ध गांजा बरामद हुए। जांच के बाद बरामद गांजे का कुल वजन करीब 235 किलोग्राम पाया गया। संयुक्त टीम ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी लेने के साथ ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की, लेकिन मौके से कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।

आशंका जताई जा रही है कि तस्कर सुरक्षा बलों की गतिविधि की भनक लगने के बाद मौके से फरार हो गए। नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजे को भपटियाही थाना, सुपौल को सुपुर्द कर दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान 45वीं वाहिनी एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक अमृतलाल सहित भपटियाही थाना पुलिस की टीम मौजूद रही। 45वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एसएसबी लगातार सतर्कता बरत रही है।

सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए निगरानी और प्रभावी कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र