home page

नेपाल से शराब और नकदी तस्करी की कोशिश नाकाम, SSB ने दो महिलाओं को दबोचा

 | 
नेपाल से शराब और नकदी तस्करी की कोशिश नाकाम, SSB ने दो महिलाओं को दबोचा


सुपौल, 09 मई (हि.स.)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी बीरपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाली शराब और भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा बरामद की है। इस दौरान दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, 08 मई 2026 की रात करीब 10:55 बजे सीमा चौकी निओर के जवानों ने स्थानीय आंध्रामठ पुलिस के साथ संयुक्त नाका ड्यूटी के दौरान यह कार्रवाई की।

45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा स्तंभ संख्या 229 के समीप नेपाल से भारत की ओर शराब एवं नकदी तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर SSB और पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रही दो महिलाओं को संदिग्ध स्थिति में रोका गया। पूछताछ में एक महिला ने अपनी पहचान अमीना खातून (30 वर्ष), पति मोहम्मद जिब्राइल, ग्राम निओर, थाना आंध्रामठ, जिला मधुबनी के रूप में बताई। दूसरी महिला ने अपना नाम लारूवती देवी (55 वर्ष), पति तनुक सदाय, ग्राम निओर, थाना आंध्रामठ, जिला मधुबनी बताया।तलाशी के दौरान दोनों महिलाओं के पास से कुल 10.8 लीटर नेपाली शराब और 1 लाख 8 हजार रुपए भारतीय मुद्रा बरामद की गई। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बरामद सामान और दोनों महिलाओं को आगे की कार्रवाई के लिए आंध्रामठ थाना के हवाले कर दिया गया।

सशस्त्र सीमा बल अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी, मादक पदार्थों की आवाजाही और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बल लगातार सतर्कता के साथ अभियान चला रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र