सशस्त्र सीमा बल ने नेपाली शराब एवं एक बाइक के साथ एक व्यक्ति काे किया गिरफ्तार
सुपौल, 30 अप्रैल (हि.स.)। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी फतेहपुर द्वारा दिनांक 30 अप्रैल को की गई प्रभावी कार्रवाई के दौरान नेपाली शराब के साथ एक बाइक की जब्ती करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सशस्त्र सीमा बल द्वारा लगातार सघन निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी फतेहपुर के जिम्मेदारी क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 204/1 के समीप नेपाली शराब की संभावित तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी।प्राप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान लगभग 09:45 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति को बाइक पर सवार हो कर नेपाल से भारत की ओर आते हुए रोका गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम प्रमोद कुमार साह, निवासी ग्राम धरहरा, थाना राघोपुर जिला सुपौल (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल संख्या BR 50 AH 8609 से नेपाली देशी शराब 300 ML की कुल 90 बोतल कुल 27 लीटर बरामद की गई।
पूछताछ किए जाने पर वह बताया कि पैसे के लिए अवैध शराब का कारोबार नेपाल से भारत में लाकर करता हूं।तत्पश्चात बरामद नेपाली शराब , मोटरसाइकिल एवं अभियुक्त को विधिवत रूप से जब्त करते हुए आवश्यक जब्ती सूची एवं अन्य कानूनी कागजात तैयार कर अग्रिम कार्यवाही हेतु मधनिषेध थाना सिमराही, सुपौल को सुपुर्द किया गया। सशस्त्र सीमा बल सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार की प्रभावी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

