एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा से 9 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को दबोचा
सुपौल, 20 जुलाई (हि.स.)। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बीरपुर के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए 9 लीटर नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई 19 जुलाई की रात विशेष नाका ड्यूटी के दौरान सीमा चौकी शैलेशपुर के जवानों द्वारा की गई। भारत-नेपाल सीमा पर सीमा स्तंभ संख्या 206/1 के समीप नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। पूछताछ में उसने अपनी पहचान श्याम कुमार गुप्ता, निवासी भीमनगर, जिला सुपौल (बिहार) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके बैग से नेपाली देशी शराब (ब्रिक्स) 300 मिलीलीटर की 30 बोतलें, यानी कुल 09 लीटर शराब बरामद हुई। बरामद शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसबी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद शराब एवं गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए मद्य निषेध विभाग, सिमराही के हवाले कर दिया।
इस अभियान का नेतृत्व उप निरीक्षक (सामान्य) नंदलाल ने किया। उनके साथ सीमा चौकी शैलेशपुर के अन्य एसएसबी जवान भी मौजूद थे। 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

