एसएसबी ने मानव तस्करी के प्रयास को किया विफल,दो नेपाली नाबालिग युवक-युवती का सफल रेस्क्यू
सुपौल, 29 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में सुपौल जिले के भारती-नेपाली सीमा के 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, वीरपुर के द्वारा सीमा क्षेत्र में गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीमा चौकी कुनौली के चेक पोस्ट संख्या 2 पर ड्यूटी के दौरान आने-जाने वाले व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में एक युवक के साथ एक युवती को रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम और ग्राम- छाताबेली, थाना- डूबी , जिला-सुनसरी, नेपाल बताया। तथा युवती ने भी नाम ग्राम - रानी, थाना- रानी, जिला -सुनसरी नेपाल बताया । प्रारंभिक जांच में वे बार-बार अपना बयान बदलते रहे जिससे संदेह पैदा हुई। साथ ही उक्त दोनों युवक और युवती द्वारा कोई भी वैध नागरिकता दस्तावेज प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया।
गहन पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि वे दोनों घर से बिना अनुमति के भागे हुए हैं। मामला संदिग्ध प्रतीत होने तथा पूर्व में इस प्रकार के मामलों की पुनरावृत्ति को देखते हुए दोनों नाबालिग युवक और युवती को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को देने के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को भी अवगत कराया गया। तत्पश्चात नेपाल एपीएफ की उपस्थिति में आवश्यक दस्तावेज तैयार किए गए तथा समस्त कार्रवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया।
दोनों नाबालिग युवक और युवती को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु नेपाल इपीएफ को विधिवत रूप से सुपुर्द कर दिया गया। वही दूसरी ओर 28 अप्रैल को सीमा चौकी कुनौली के द्वारा गश्त ड्यूटी के दौरान सीमा स्तम्भ संख्या 221/1 के समीप से एक बाइक पर सवार दो युवक भारत से नेपाल जा रहे थे।
गश्त ड्यूटी पार्टी को देखा तो तेजी से बाइक को भगाने लगा जिसपर गश्त ड्यूटी पार्टी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त बाइक सवार दोनों युवक को रोका गया ओर पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम- राज कुमार ,ग्राम- ढाढा छतोनी, थाना -रतनपुरा, जिला -सुपौल एवं दूसरे ने अपना नाम- संजय यादव, ग्राम- ढाढा छतोनी, थाना -रतनपुरा, जिला -सुपौल बिहार बताया। तलाशी के दौरान उनके पास 100 लीटर डीजल पाया गया जिसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
तत्पश्चात बरामद 100 लीटर डीजल, एक बाइक (BR 50 Y 9486), एवं दोनों व्यक्तियों को विधिवत रूप से जब्त करते हुए आवश्यक जब्ती सूची एवं अन्य कानूनी कागजात तैयार कर कस्टम कार्यालय कुनौली को सुपुर्द कर दिया गया।45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, वीरपुर सीमा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं मानव तस्करी जैसे अपराधों , गैरकानूनी गतिविधियों पर पूर्ण रूप से रोकथाम के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

