बीरपुर के सीमा चौकी ने 72 लीटर नेपाली शराब किया जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 12 अप्रैल (हि.स.)। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल ,बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी फतेहपुर द्वारा भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए 72 लीटर नेपाली शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में श्री गौरव सिंह कमांडेंट 45वीं वाहिनी बीरपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि सीमा चौकी फतेहपुर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की संभावना है। सूचना के आधार पर एक विशेष नाका दल का गठन कर चिन्हित स्थान सीमा स्तम्भ संख्या 204/1 के समीप सघन निगरानी शुरू की गई। तभी नाका पार्टी ने देखा की एक संदिग्ध व्यक्ति नेपाल से भारत की ओर अपने सिर पर बोरी लेकर आते हुए दिखाई दिया। जैसे ही व्यक्ति सुरक्षा बल के पास पहुंचा तो व्यक्ति को रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली गई।
पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम परमेश्वर मुखिया, निवासी ग्राम साहेबान, जिला सुपौल बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 72 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। बरामद शराब एवं गिरफ्तार तस्कर को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत मध्य निषेध विभाग, सिमराही को सुपुर्द कर दिया गया। इस अभियान में उप निरीक्षक गिरींद्र कुमार बोरा एवं अन्य जवानों ने सराहनीय भूमिका निभाई। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु निरंतर सघन अभियान चलाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

