home page

एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: 356.04 लीटर नेपाली शराब के साथ एक गिरफ्तार, तीन बाइक जब्त

 | 
एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: 356.04 लीटर नेपाली शराब के साथ एक गिरफ्तार, तीन बाइक जब्त


सुपौल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर की सीमा चौकी नियोर द्वारा विशेष नाका ड्यूटी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारत लाई जा रही अवैध नेपाली शराब जब्त की गई तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि सीमा चौकी नियोर क्षेत्र से मादक पदार्थ/शराब की तस्करी की संभावना है। सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 229/11 के समीप ग्राम नियोर (भारत की ओर, अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 150 मीटर अंदर) विशेष नाका ड्यूटी स्थापित की गई।

नाका ड्यूटी के दौरान नेपाल से भारत की ओर तीन बाइक पर सवार कुछ लोग आते दिखाई दिए। ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों ने आगे चल रहे एक संदिग्ध बाइक सवार को रोक लिया। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक अन्य बाइक सवार अपनी बाइक गिराकर अंतरराष्ट्रीय सीमा की निकटता और अंधेरे का लाभ उठाते हुए नेपाल की ओर फरार हो गया।

पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उसने अपना नाम गगन कुमार पंडित, ग्राम जीरोगा, वार्ड नंबर 08, थाना आंध्रामठ, जिला मधुबनी का निवासी बताया। तलाशी के क्रम में कुल 356.04 लीटर नेपाली शराब एवं तीन बाइक बरामद की गई।

इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) भारत भूषण ने किया, जिनके साथ अन्य जवान भी शामिल थे। गिरफ्तार व्यक्ति, जब्त 356.04 लीटर शराब तथा तीनों बाइक को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत थाना आंध्रामठ को सुपुर्द कर दिया गया है।

45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमा क्षेत्र में तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार सतर्कता एवं सक्रियता बरती जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र