home page

एसएसबी ने 133 किलोग्राम गांजा किया जब्त , दो मोबाइल के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

 | 
एसएसबी ने 133 किलोग्राम गांजा किया जब्त , दो मोबाइल के साथ एक तस्कर गिरफ्तार


सुपौल, 05 मई (हि.स.)। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी नरपतपट्टी द्वारा भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस रतनपुरा के साथ संयुक्त पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है।

45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा चौकी नरपतपट्टी के जिम्मेवारी क्षेत्र अंतर्गत सीमा स्तम्भ संख्या 212 कोशी नदी पलार दुबीयाही नहर स्पर संख्या 530 से लगभग 1.5 किलोमीटर भारत के तरफ से मादक पदार्थ की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्यवाई करते हुए उप कमांडेंट (प्रचालन) सुमन सौरभ के निगरानी में सीमा चौकी नरपतपट्टी एवं स्थानीय पुलिस रतनपुरा के कार्मिकों द्वारा संयुक्त पेट्रोलिंग पार्टी का गठन किया गया तथा उक्त बताए गए स्थान पर भेजा गया।

तो देखा कि एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थिति में नदी किनारे पाया गया। पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति ने अपना नाम बेचन यादव, उम्र 30 वर्ष ,पिता किशुनदेव यादव, ग्राम साहेबान,वार्ड नंबर 07, पोस्ट साहेबान, थाना रतनपुरा, जिला सुपौल बताया। पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने राजकुमार नेपाल और विजय मेहता सिमरी की संलिप्तता गांजा की तस्करी में होने के बारे में बताया।

तलाशी के दौरान पलार के बालू में छिपाकर रखे बोरे मिले जब इन बोरों को खोलकर देखा गया तो उनमें से कुल 07 बंडल मादक पदार्थ मारिजुआना (गांजा) बरामद हुआ, जिसका कुल वजन लगभग 133 किलोग्राम पाया गया साथ ही 02 मोबाइल भी बरामद हुआ। आवश्यक कानूनी कार्रवाई उपरांत बरामद मादक पदार्थ (गांजा) को अग्रिम कार्रवाई हेतु थाना रतनपुरा, जिला सुपौल को सुपुर्द करने की कार्यवाही की जा रही हैं। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बीरपुर द्वारा भारत नेपाल सीमा पर मादक पदार्थ की अवैध तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर रोकथाम हेतु हमेशा तत्परता पूर्वक कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र