श्रावणी मास की चौथी सोमवारी पर बक्सर में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक
बक्सर, 23 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मास 2026 की चौथी सोमवारी को लेकर बक्सर पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार 23 अगस्त की शाम 4 बजे से 24 अगस्त की सुबह 10 बजे तक बक्सर शहर से ब्रह्मपुर तक कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव रहेगा।
इस दौरान थाना चौक–रामरेखा घाट–पीपी रोड, तारक नाला–रामरेखा घाट तथा सिंडिकेट से थाना चौक मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक/आंशिक प्रतिबंध रहेगा। सिंडिकेट से थाना चौक की ओर दोपहिया वाहनों को अनुमति दी जाएगी।
चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा एवं बसों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों में गोलंबर–बाइपास–ज्योति चौक–आईटीआई रोड–मटिहा मोड़–दानी कुटिया, गोलंबर से बाइपास होते हुए ज्योति चौक–अंबेडकर चौक–स्टेशन तथा गोलंबर–बाइपास–ज्योति चौक–अंबेडकर चौक–पांडेय पट्टी गुमटी–स्वामिनी माता मंदिर–DAV मोड़–इटाढ़ी रोड शामिल हैं।
पार्किंग की व्यवस्था बस, चारपहिया, तीनपहिया वाहनों एवं मोटरसाइकिल के लिए किला मैदान, किला मैदान के पीछे, बाजार समिति तथा सिंडिकेट के पास की गई है।
इसके अलावा गोलंबर से ब्रह्मपुर जाने वाली फोरलेन के बाएं लेन पर एकतरफा यातायात प्रतिबंधित रहेगा, जबकि दाहिने लेन से बक्सर-आरा आने-जाने वाले वाहनों का परिचालन होगा। 23 अगस्त शाम 4 बजे से 24 अगस्त सुबह 10 बजे तक बक्सर शहर के अंदर सभी बड़े वाहनों की एंट्री भी प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस ने रोगी, एंबुलेंस एवं आवश्यक सेवा वाले वाहनों को नो-एंट्री से छूट देने की जानकारी दी है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से रेलवे टिकट साथ लेकर चलने की अपील की गई है। साथ ही आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

