तीन लाख की स्पोर्ट्स बाइक चोरी का खुलासा, 19 साल का आरोपित गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 27 मई (हि.स.)। शहर की सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने प्रतापनगर क्षेत्र से चोरी हुई करीब 3 लाख रुपए कीमत की स्पोर्ट्स बाइक केटीएम ड्यूक 390 बरामद कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 17 मई को लाभचंद तिवारी निवासी प्रतापनगर ने सदर थाने में बाइक चोरी की रिपोर्ट दी थी। इस पर प्रकरण दर्ज कर एएसपी मुकुल शर्मा के निर्देशन में विशेष आसूचना टीम गठित की गई।डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। आसूचना संकलन और विभिन्न प्रयासों के बाद चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि यह वारदात सुनील (19) पुत्र रामा मीणा निवासी गांव डेरा फला, जावर माईन्स, थाना टीडी जिला उदयपुर ने की थी। पुलिस ने आरोपित को चोरी की गई केटीएम ड्यूक 390 स्पोर्ट्स बाइक सहित डिटेन किया। अनुसंधान के बाद सुनील मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ पर भी एक प्रकरण दर्ज है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

