रायपुर : स्पंज आयरन से भरे ट्रक की हेराफेरी का खुलासा, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। उरला थाना पुलिस ने स्पंज आयरन से भरे ट्रक की हेराफेरी कर उसे फर्जी नंबर प्लेट के जरिए बेचने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में गुमान साहू (36 वर्ष), निवासी गोंदवारा, रायपुर, मोहम्मद मुख्तार (50 वर्ष), निवासी सुपेला, दुर्ग है।
आरोपितों ने करीब 35 टन 870 किलो स्पंज आयरन, जिसकी कीमत लगभग 7.07 लाख रुपये बताई गई है, का गबन कर दिया था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगा ट्रक और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने थाना उरला में शिकायत दर्ज कराई थी कि, उसकी कंपनी से ट्रक क्रमांक सीजी 08 एटी 3321 में स्पंज आयरन लोड कर महाराष्ट्र भेजा गया था। रास्ते में चालक ने बीमारी और अन्य बहाने बनाकर माल गंतव्य तक नहीं पहुंचाया। बाद में चालक और वाहन मालिक से संपर्क भी नहीं हो सका। जांच में करीब 7,06,854 रुपये मूल्य के स्पंज आयरन के गबन की पुष्टि होने पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत धारा 318(4), 319(3) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा तथा थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर वाहन मालिक गुमान साहू और उसके साथी मोहम्मद मुख्तार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि, उन्होंने चालक रहीमान साहू के साथ मिलकर ट्रक में लोड स्पंज आयरन को महाराष्ट्र ले जाने के बजाय उरला औद्योगिक क्षेत्र में एक व्यक्ति को बेच दिया। ट्रक की पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगा दी गई थी।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 50 हजार रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगा ट्रक तथा प्रकरण से संबंधित अन्य दस्तावेज जब्त किए। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

