home page

तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को पीछे से मारी टक्कर, एक की माैत, आठ घायल

 | 
तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को पीछे से मारी टक्कर, एक की माैत, आठ घायल


राजनांदगांव, 18 जुलाई (हि.स.)। राजनांदगांव-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भानपुरी नदी के पास बीती रात तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खराब होकर खड़ी पिकअप वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी एक परिवार डोंगरगढ़ से दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लालबाग थाना क्षेत्र के भानपुरी नदी के समीप उनकी पिकअप अचानक खराब हो गई। वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर उसमें सवार लोग उसकी मरम्मत कर रहे थे। तभी नागपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने पीछे से पिकअप को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के पास मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री पहुंचाया, जहां घायल आठ लोगों का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल