तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आई ढाई साल की मासूम की माैत, चालक गिरफ्तार, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
मंडला, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से ढाई साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र, मंडला का है।
पुलिस के अनुसार मृत बच्ची की पहचान आकृति यादव के रूप में हुई है, जो ग्राम बम्होरी की रहने वाली थी। वह अपनी मां के साथ आंगनवाड़ी केंद्र से घर लौट रही थी, तभी यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब दोपहर एक बजे आंगनवाड़ी सहायिका श्रृष्टि यादव बच्चों को केंद्र से छोड़कर घर की ओर जा रही थीं। उनकी गोद में चार महिने की छाेटी बेटी, जबकि ढाई वर्षीय आकृति उनका हाथ पकड़कर साथ-साथ चल रही थी।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आए डंपर ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर बेहद दर्दनाक था। परिजन और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए, जबकि मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
बताया गया है कि आकृति की मां श्रृष्टि यादव पिछले करीब पांच महीने से आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं, जबकि पिता विष्णु यादव मजदूरी करते हैं। आकृति की एक चार माह की छोटी बहन भी है, जो हादसे के समय मां की गोद में ही थी। मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
7 किमी पीछा कर पकड़ा गया डंपर
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बाइक, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से डंपर का पीछा किया। करीब 7 किलोमीटर दूर तिंदनी टोल प्लाजा, मंडला के पास वाहन को पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया।
तीन घंटे तक रहा चक्काजाम
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। दोपहर करीब 1:30 बजे से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर सोनल सिडाम, पीयूष मिश्रा और शफीक खान सहित पुलिस बल पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश दी। करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

