home page

यमुनानगर: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवकों को मारी टक्कर, तीन घायल

 | 

यमुनानगर, 20 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के मॉडल टाउन क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर दूसरी गाड़ी से टकराई और एक फास्ट फूड दुकान में जा घुसी, जिससे वहां भी नुकसान हुआ। पुलिस के अनुसार, घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच में तीनों के पैरों में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर दर्ज मामले में बताया गया है कि तीनों युवक देर रात काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और आगे जाकर एक अन्य वाहन को भी टक्कर मार दी। इसके बाद कार पास की दुकान में घुस गई, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत सहायता पहुंचाई और घायलों को अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार