भोपाल में तेज रफ्तार कार खदान में गिरी, चालक की मौत, दो लोग घायल
भोपाल, 07 मार्च (हि.स.)। राजधानी भोपाल के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अरेड़ी रोड स्थित शंकर खदान के पास तेज रफ्तार कार फेंसिंग का तार और खंभा तोड़ते हुए सीधे पानी से भरी खदान में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए।
अयोध्या नगर पुलिस के अनुसार यह हादसा शनिवार शाम करीब पांच बजे हुआ। अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्लारे ने बताया कि 24 वर्षीय रोहित माली पुत्र संतोष माली अपनी कार से अरेड़ी क्रेशर बस्ती शंकर खदान के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और खदान की फेंसिंग को तोड़ते हुए पानी में जा गिरी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद नगर निगम की क्रेन की मदद से पानी में डूबी कार को भी बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

