home page

स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई: पुणे से दो वांछित बदमाश गिरफ्तार

 | 
स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई: पुणे से दो वांछित बदमाश गिरफ्तार


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो वांछित अपराधियों को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित लंबे समय से हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर मामलों में फरार चल रहे थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लक्ष्य डांगी निवासी रोहतक (हरियाणा) और नीरज निवासी झज्जर (हरियाणा) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ हरियाणा और दिल्ली में अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार स्पेशल सेल की टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुणे के चतुर शिरंगी इलाके में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को दबोचा। गिरफ्तारी के बाद दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है और फिलहाल पुलिस कस्टडी में रखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लक्ष्य डांगी और नीरज के खिलाफ रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। इसके अलावा दिल्ली के बेगमपुर थाने में भी दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रहे थे। स्पेशल सेल उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और सही लोकेशन मिलते ही टीम ने कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दोनों आरोपितों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से कई अन्य मामलों के खुलासे की भी संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी