home page

स्पेशल सेल की मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, टिल्लू ताजपुरिया-कौशल गैंग से जुड़ा था आरोपित

 | 
स्पेशल सेल की मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, टिल्लू ताजपुरिया-कौशल गैंग से जुड़ा था आरोपित


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुठभेड़ के बाद टिल्लू ताजपुरिया और कौशल चौधरी गिरोह से जुड़े एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के मोहाना निवासी रॉबिन उर्फ बबलू उर्फ रोहित उर्फ राम (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपित हत्या के दो मामलों और अवैध हथियार (ग्रेनेड) रखने के मामले में सजा काट रहा था। पिछले साल पेरोल पर बाहर आने के बाद वह फरार हो गया था, जिसके चलते मार्च 2026 में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

स्पेशल सेल के डीसीपी नर्रा चैतन्य ने बताया कि फरार अपराधियों की तलाश के दौरान मंगलवार शाम सूचना मिली कि आरोपित रोहिणी सेक्टर-36 स्थित बरवाला चौक के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। रात करीब 10:25 बजे बाइक सवार आरोपित को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपित के पैर में लगी।

जांच में सामने आया कि आरोपित का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। वर्ष 2008 में एक युवती से प्रेम प्रसंग के चलते उसने मुन्ना सिंह नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके लिए उसे उम्रकैद की सजा हुई। बाद में 2015 में पेरोल पर बाहर आने के दौरान उसने मुख्य गवाह, जो युवती का भाई था, की भी हत्या कर दी और फरार हो गया।

इसी वर्ष पुलिस ने उसे अलीपुर इलाके से ग्रेनेड, छह पिस्टल और 13 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था, जिसमें उसे 10 साल की अतिरिक्त सजा मिली। अप्रैल 2025 में फिर पेरोल पर बाहर आने के बाद वह दोबारा फरार हो गया। जेल में रहने के दौरान उसने टिल्लू ताजपुरिया और कौशल चौधरी गिरोह से संपर्क स्थापित कर लिया और उनके लिए हथियार सप्लाई करने लगा। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी