विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर होने वाली थीं दो हत्याएं, स्पेशल सेल ने टिल्लू गैंग के दो शार्पशूटर पकड़े
नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो शार्पशूटरों को गिरफ्तार कर गैंगवार से जुड़ी दो संभावित हत्याओं की साजिश नाकाम कर दी। दोनों आरोपित विदेश में बैठे गैंग संचालकों के संपर्क में थे और प्रतिद्वंद्वी गोगी गैंग के प्रमुख सदस्यों की हत्या की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो हथियार, सात जिंदा कारतूस और विदेश में बैठे गैंग हैंडलरों से संपर्क के लिए इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि स्पेशल सेल की उत्तरी रेंज की टीम ने 8 जून को सुल्तानपुरी निवासी 24 वर्षीय जतिन और अलीपुर निवासी 33 वर्षीय विनय मान उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार टिल्लू ताजपुरिया और जितेंद्र मान उर्फ गोगी गैंग के बीच वर्ष 2014 से खूनी रंजिश चली आ रही है। दोनों गैंगों के सरगनाओं की मौत के बाद भी उनके गुर्गे एक-दूसरे को निशाना बना रहे हैं। स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि विदेश में छिपे टिल्लू गैंग के सदस्य अपने शार्पशूटरों को गोगी गैंग के लोगों की हत्या का निर्देश दे रहे हैं। इसके बाद टीम ने करीब एक महीने तक निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान पता चला कि जतिन और उसके साथी पिछले एक महीने से संभावित टारगेट की रेकी कर रहे थे। 8 जून को जतिन को उस समय दबोचा गया, जब वह गोगी गैंग के एक सदस्य को निशाना बनाने जा रहा था। उसके पास से एक पिस्टल और पांच कारतूस मिले। पूछताछ के आधार पर हरिद्वार से विनय मान उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक रिवॉल्वर और दो कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2017 में बिट्टू के पिता देवेंद्र सिंह की हत्या गोगी गैंग ने कर दी थी। इसके बाद बदला लेने की भावना से वह टिल्लू गैंग से जुड़ गया। वर्ष 2019 में भी वह गोगी गैंग के एक सदस्य की हत्या की साजिश में शामिल रहा था। दूसरी ओर जतिन 10वीं कक्षा के बाद अपराध की दुनिया में उतर गया और हत्या व हत्या के प्रयास जैसे मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ में गैंग के संचालन, विदेश में बैठे हैंडलरों की भूमिका और एन्क्रिप्टेड वॉयस एप के जरिए होने वाले संपर्क के बारे में अहम जानकारियां मिली हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

