home page

गोदारा, गोगी गैंग का शार्प शूटर करमवीर उर्फ काजू गिरफ्तार

 | 
गोदारा, गोगी गैंग का शार्प शूटर करमवीर उर्फ काजू गिरफ्तार


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा–जितेंद्र गोगी गैंग के शार्प शूटर करमवीर उर्फ काजू (38) को गिरफ्तार किया है। आरोपित को तड़के राजस्थान के कोटपुतली स्थित एनएच-08 पर एक होटल से दबोचा गया। इस संबंध में स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त नर्रा चैतन्य ने शुक्रवार को बताया कि आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था और कई जघन्य मामलों में वांछित था। पुलिस उपायुक्त के अनुसार, करमवीर हरियाणा के झज्जर जिले का रहने वाला है और उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, उगाही, डकैती और आपराधिक धमकी समेत 15 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह गुरुग्राम के दो नाइट क्लबों पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में भी वांछित था, जिसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी कर रही है।

जांच में सामने आया कि आरोपित को 20 जून 2024 को एक हत्या के मामले में अंतरिम जमानत मिली थी, लेकिन जमानत अवधि खत्म होने के बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। इसके बाद मई 2025 में उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और नेपाल भागकर करीब एक साल तक छिपा रहा। सितंबर 2025 में भारत लौटने के बाद भी वह असम, गोवा, बद्दी और मुंबई समेत कई जगहों पर छिपता रहा।

स्पेशल सेल की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की और रोहतक, गुरुग्राम, जयपुर एवं हरिद्वार में कई बार दबिश दी, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। आखिरकार सूचना मिलने पर टीम ने राजस्थान के कोटपुतली में एक होटल पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उस समय वह हुंडई वेन्यू कार में सवार था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक फर्जी पासपोर्ट, दो फर्जी आधार कार्ड और एक फर्जी वोटर आईडी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, वह इन दस्तावेजों के जरिए देश छोड़ने की फिराक में था। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि उसने गैंग के इशारे पर अपने साथियों को गुरुग्राम में ग्रेनेड हमला करने के लिए तैयार किया था, ताकि क्लब संचालकों से उगाही की जा सके।

पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी से संभावित बड़े हमलों की साजिश नाकाम हो गई है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी