अपहरण के बाद युवक की हत्या, वांछित आरोपित झज्जर से गिरफ्तार
नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। अपहरण के बाद युवक की बेरहमी से हत्या करने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आरोपित नीरज (27) को हरियाणा के झज्जर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ द्वारका जिले के बिंदापुर थाने में हत्या और अपहरण का मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार 31 मार्च की शाम स्पेशल सेल को सूचना मिली कि आरोपित झज्जर के गांव धंधलान में आने वाला है। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे दबोच लिया। आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित ने अपने साथियों भूपेंद्र, सूरज उर्फ हैप्पी, बलराम और राखी के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ हाउस में कैंटीन चलाने वाले अनुरूप गुप्ता का अपहरण किया था। महिला आरोपित के जरिए पीड़ित को मटियाला स्थित फ्लैट में बुलाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर लूटपाट की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने पैसे नहीं मिलने पर युवक की हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर उन्हें बैग में भरकर यमुना नदी में वृंदावन के पास फेंक दिया। पकड़का आरोपित नीरज 12वीं तक पढ़ा है और पहले एक फैक्टरी में काम करता था। वह साथियों के संपर्क में आकर अपराध की राह पर चल पड़ा। वर्ष 2023 में वह रोहतक के सांपला थाने में शांति भंग की आशंका में भी पकड़ा जा चुका है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

