हाशिम बाबा गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कुख्यात हाशिम बाबा गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक फरार शूटर भी शामिल है, जो पिछले दो साल से पुलिस की पकड़ से बाहर था। आरोपितों के कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि स्पेशल सेल की नई दिल्ली रेंज टीम ने 11 अप्रैल की शाम गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शादाब अहमद उर्फ शादाब चप्पल (28) को सिग्नेचर ब्रिज के पास गढ़ी मेंडू इलाके से दबोचा। उसके पास से एक पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस मिले। शादाब, गैंगस्टर सुहैल चप्पल का भांजा है और पिछले दो साल से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, शादाब 2024 में सीलमपुर में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में वांछित था। इस वारदात में हाशिम बाबा गैंग के शूटरों ने प्रतिद्वंद्वी छेनू गैंग के दो सदस्यों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जिसमें अरबाज की मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि शादाब ने यह हत्या अपने मामा सुहैल चप्पल के साथ जेल में हुए विवाद का बदला लेने के लिए की थी। इसके अलावा शादाब एक अन्य हत्या के प्रयास के मामले में भी घोषित अपराधी था और अदालत में पेश नहीं हो रहा था। इससे पहले 3 अप्रैल को स्पेशल सेल ने गैंग के एक और सदस्य मोहम्मद आदी उर्फ आदिल उर्फ टैविस (24) को गिरफ्तार किया था। उसके पास से भी एक पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जांच में पता चला कि आदिल जेल में बंद गैंगस्टर आसद और दानिश उर्फ मल्लि के लिए रंगदारी वसूली के टारगेट चिन्हित कर रहा था। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और गैंग के अन्य सदस्यों तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई को राजधानी में सक्रिय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

