home page

15 साल से फरार रंगदारी का आरोपित जयपुर से गिरफ्तार

 | 
15 साल से फरार रंगदारी का आरोपित जयपुर से गिरफ्तार


नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। रंगदारी के 2008 के मामले में करीब 15 साल से फरार चल रहे आरोपित को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की साउथ-वेस्टर्न रेंज ने जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान 72 वर्षीय हरि सिंह शेखावत के रूप में हुई है। वह जयपुर राजस्थान का रहने वाला है। वह एक नामी गारमेंट कंपनी में काम करने के दौरान कंपनी से रंगदारी वसूलने की कोशिश के मामले में वांछित था। अदालत में लगातार पेश नहीं होने पर उसे वर्ष 2016 में भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।

पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपित के खिलाफ एफआईआर संख्या 12/2008, दिनांक 15 मार्च 2008 को स्पेशल सेल थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 384, 389, 506 और 511 के तहत मामला दर्ज किया गया था। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। अदालत ने दो अप्रैल 2016 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

फरार आरोपितों की धरपकड़ के लिए स्पेशल सेल की टीम ने ऐसे अपराधियों पर मानव निगरानी बढ़ाई थी। इंस्पेक्टर संदीप यादव और इंस्पेक्टर नीरज कुमार के नेतृत्व में टीम को हरि सिंह की तलाश में लगाया गया। करीब एक महीने तक लगातार सुराग जुटाने के बाद पता चला कि गिरफ्तारी से बचने के लिए हरि सिंह पहले गुजरात चला गया था और बाद में राजस्थान में रहने लगा। 13 अगस्त को टीम को सूचना मिली कि वह जयपुर में छिपकर रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम जयपुर रवाना हुई। टीम ने कई स्थानों पर तलाश करने के बाद एक आवासीय सोसायटी में उसके छिपे होने की पुष्टि की। इसके बाद दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, हरि सिंह शेखावत ने एक्सएलआरआई से ग्रेजुएशन किया है और वह कई नामी बहुराष्ट्रीय कंपनियों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुका है। वर्ष 2008 में एक गारमेंट कंपनी में नौकरी के दौरान उसने कंपनी से रुपये ऐंठने की कोशिश की थी। इसी मामले में उसके खिलाफ रंगदारी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद वह कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए फरार हो गया और अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी