home page

देशभर में बम धमकी से दहशत फैलाने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 

नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। देश के कई राज्यों में स्कूलों, हाई कोर्ट और सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की झूठी धमकियां देकर दहशत फैलाने वाले आरोपित को दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवास लुईस के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कर्नाटक पुलिस की मदद से आरोपित को मैसूर के वृंदावन लेआउट स्थित एक मकान से गिरफ्तार किया। आरोपित के कब्जे से एक लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि, आरोपित को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अब तक करीब 1100 धमकी भरे ई-मेल भेजे थे। वह अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग स्थानों और माध्यमों का इस्तेमाल करता था। बताया गया है कि दिल्ली हाई कोर्ट के एक जज को भी आरोपी ने धमकी भरा ई-मेल भेजा था, जिसके बाद मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की गई। कई हफ्तों की पड़ताल के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी। पूछताछ में उसने धमकी भरे संदेश भेजने की बात कबूल कर ली है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित बेंगलुरु का निवासी है और पोस्टग्रेजुएट है, लेकिन फिलहाल बेरोजगार है। वह अपनी रिटायर्ड मां के साथ रहता है और घर का खर्च उनकी पेंशन से चलता है। पुलिस को आशंका है कि आरोपित मानसिक तनाव के चलते इस तरह की हरकत कर रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित ने जानबूझकर स्कूलों, कॉलेजों और अदालतों को निशाना बनाया, ताकि अधिकतम दहशत फैलाई जा सके। उसकी झूठी धमकियों के कारण कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी और लोगों को एहतियातन बाहर निकालना पड़ा, जिससे सामान्य कामकाज भी प्रभावित हुआ।

फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और भी शामिल है। साथ ही, विभिन्न राज्यों की एजेंसियों के साथ समन्वय कर सभी प्रभावित स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी