home page

जबलपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस-नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, कई युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिले

 | 
जबलपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस-नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, कई युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिले


जबलपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस-नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, कई युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिले


जबलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के नेपियर टाउन, राइट टाउन, गोहलपुर और इनकम टैक्स चौराहा क्षेत्र में लंबे समय से संचालित हो रहे स्पा सेंटरों पर बुधवार शाम पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से कई सेंटरों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन क्षेत्रों में संचालित कुछ स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों में नशे सहित अन्य अनैतिक गतिविधियों का भी आरोप लगाया गया था। इसी आधार पर पुलिस और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान कुछ स्पा सेंटरों में युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस टीम को देखते ही कुछ लोग अपने चेहरे छिपाते नजर आए। पुलिस ने सेंटरों से रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए हैं। इन रिकॉर्ड में सेंटर पर आने वाले लोगों का विवरण दर्ज बताया जा रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

बताया गया है कि राइट टाउन स्थित एक स्पा सेंटर में पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कार्रवाई की जानकारी मिल गई। इसके बाद कुछ युवक, युवतियां और महिलाएं पिछले दरवाजे से बाहर निकल गईं। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक गतिविधियों से जुड़ा कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला, हालांकि अधिकारियों ने सेंटर में जांच और पूछताछ की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोहलपुर और विजय नगर क्षेत्र के कुछ अन्य स्पा सेंटरों में भी अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिली हैं। इन स्थानों पर भी जांच और कार्रवाई की जा रही है। वहीं नगर निगम की टीम स्पा सेंटरों के लाइसेंस और अन्य आवश्यक अनुमतियों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक