home page

विजयनगर के स्पा सेंटरों पर अनैतिक गतिविधियों के आरोप, युवती ने संचालक और स्थानीय नेता के खिलाफ की शिकायत

 | 
विजयनगर के स्पा सेंटरों पर अनैतिक गतिविधियों के आरोप, युवती ने संचालक और स्थानीय नेता के खिलाफ की शिकायत


जबलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर शहर के विजयनगर क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों को लेकर विवाद सामने आया है। स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने और युवतियों पर इसके लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं। शुक्रवार को हिंदू टाइगर फोर्स ने विजयनगर थाने पहुंचकर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र के स्पा सेंटरों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ स्पा सेंटरों में युवतियों को जबरन अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है। विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जाती हैं। संगठन ने पुलिस से ऐसे सेंटरों की गतिविधियों की जांच कर उनके संचालन से जुड़े लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

इसी दौरान एक युवती ने भी विजयनगर थाने पहुंचकर एकता चौक स्थित रॉयल क्राउन स्पा सेंटर के संचालक के खिलाफ शिकायत की। युवती के अनुसार, उसे नौ हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी देने का आश्वासन देकर स्पा सेंटर बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उस पर अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाया जाने लगा। युवती ने विरोध किया तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उसने इस मामले में एक स्थानीय भाजपा नेता पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

हिंदू टाइगर फोर्स ने पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करेगा। वहीं, पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर युवती से लिखित शिकायत लेने तथा विजयनगर क्षेत्र के स्पा सेंटरों में काम करने वाले कर्मचारियों का सत्यापन कराने का आश्वासन दिया है।

पुलिस के अनुसार, युवती की शिकायत और संगठन की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच में अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच होना बाकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक