स्पा सेंटरों पर नॉर्थ जोन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो सेंटर सील
रायपुर, 30 अगस्त (हि. स.)। स्पा सेंटरों के खिलाफ जांच के बाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए थाना पंडरी क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों को सील कराया है।
दोनों सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के साथ ही लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जाना पाया गया।
रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 29 अगस्त को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों में एक साथ व्यापक जांच अभियान चलाया गया था। जांच के लिए पुलिस की 15 टीमें गठित की गई थीं, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
इसी जांच के क्रम में नॉर्थ जोन पुलिस ने रविवार को थाना पंडरी क्षेत्र में संचालित उषा प्राइड, मोवा स्थित रिफ्लेक्शन स्पा और अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने तथा लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किए जाने पर नगर निगम की टीम ने थाना पंडरी पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर दोनों सेंटरों को विधिवत सील कर दिया।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे के निर्देशन में तथा एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में की गई।
29 अगस्त को हुई जांच के दौरान स्पा सेंटरों के विभिन्न दस्तावेज, कर्मचारियों की जानकारी, ग्राहक एवं स्टाफ रजिस्टर, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई थी। इसी जांच के आधार पर संबंधित विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि, वे गुमास्ता एवं ट्रेड लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन करते हुए ही सेंटर संचालित करें। सेंटर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनकी फुटेज सुरक्षित रखें, ग्राहकों का विधिवत रजिस्टर मेंटेन करें, ग्राहकों का आईडी प्रूफ लें तथा कार्यरत स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित करें।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि, जांच के दौरान नियमों के विपरीत कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा आपत्तिजनक वस्तु पाए जाने पर संबंधित संचालक या अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

