home page

आधी रात सड़कों पर उतरे एसपी, देर रात तक खुली दुकानें बंद कराईं, संदिग्धों की तलाशी

 | 


मंदसौर, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर शहर की कानून व्यवस्था का जायजा लेने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार देर रात पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के नेतृत्व में शहर में पैदल मार्च निकाला गया। अभियान देर रात तक जारी रहा, जिसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों की बड़ी टीम शामिल रही।

पैदल मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, वायडी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस टीम ने सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे से मंडी गेट तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान आदर्श रोड के रूप में विकसित किए जा रहे मार्ग का निरीक्षण भी किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

रात्रि भ्रमण के दौरान देर रात तक खुली दुकानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें समय पर बंद कराया गया। वहीं, स्ट्रीट फूड ठेला संचालकों को भी रात 12 बजे से पहले दुकानें बंद कर घर लौटने की हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली। वाहन चालकों से पूछताछ की गई और जिनके पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले, उनके वाहन जब्त कर थाने भेज दिए गए। चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े असामाजिक तत्वों पर भी विशेष नजर रखी गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया