home page

मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, जानकारी देते समय भावुक हुईं एसपी

 | 
मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, जानकारी देते समय भावुक हुईं एसपी


पन्‍ना, 13 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में सात माह पूर्व हुए मां-बेटे के दोहरे अंधे हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मैहर जिले के रामनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते समय पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू भावुक हो गईं।

पुलिस के अनुसार अजयगढ़ के रहुनियां मोहल्ला माधौगंज में 17 सितंबर 2025 को एक महिला और उसके पांच वर्षीय बेटे की हत्या कर दी गई थी। घटना की रिपोर्ट मृतका के जेठ रामनरेश कुशवाहा ने थाना अजयगढ़ में दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी निवेदिता नायडू के निर्देशन में एसडीओपी अजयगढ़ राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। थाना प्रभारी अजयगढ़ हरिसिंह ठाकुर, थाना प्रभारी धरमपुर अनिल राजपूत और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से जांच की। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि रहुनियां मोहल्ले के पास रहने वाला इन्द्रभान साकेत घटना के कुछ दिन बाद कमरा खाली कर फरार हो गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे मैहर जिले के ग्राम खोमरहा, रामनगर से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी की नीयत से महिला के घर में घुसा था। उसने महिला का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसी दौरान महिला का पांच वर्षीय बेटा जाग गया और शोर मचाने लगा, जिस पर आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। आगे की पूछताछ के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

मामले का खुलासा करते समय एसपी निवेदिता नायडू भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि यह बेहद संवेदनशील और जघन्य मामला था। उन्होंने जांच टीम को निर्देश दिए थे कि किसी निर्दोष को न फंसाया जाए और वास्तविक आरोपी को ही गिरफ्तार किया जाए। एसपी ने कहा कि पिछले सात महीनों से वह लगातार मामले की मॉनिटरिंग कर रही थीं। उन्होंने पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जल्द ही टीम को पुरस्कृत करने की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे