home page

मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में एसपी का एक्शन

 | 
मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में एसपी का एक्शन


मुस्करा थाना प्रभारी को भेजा क्राइम ब्रांच

एसआई कौशल सिंह को सौंपी थाने की कमान

हमीरपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे मुस्करा थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना के तीन दिन बाद पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने सख्त कदम उठाया है। एसपी ने मुस्करा थाना प्रभारी राम आसरे सरोज का स्थानांतरण करते हुए उन्हें चिकित्सीय आधार पर क्राइम ब्रांच भेज दिया। वहीं, उनके स्थान पर एक उपनिरीक्षक कौशल सिंह को पीआरओ एसपी से हटाकर मुस्करा थाने की जिम्मेदारी सौंपी है। बुधवार को नए थाना प्रभारी कौशल सिंह ने मुस्करा थाने का चार्ज भी ले लिया है।

बीते रविवार शाम मुस्कुरा कस्बे के एक मोहल्ले में अरहर के खेत में तीन वर्षीय बच्ची की अस्त व्यस्त लाश मिली थी जिसकी उसी की पैजामा यानि लोवर से गला घोंट कर हत्या की गई थी। पिता ने बच्ची की हत्या में पडोसी गोविन्द पुत्र हरदयाल और उसके साले हीरालाल (35) पुत्र रामप्रसाद पर बच्ची को बहला फुसला कर ले जाने और दुष्कर्म कर हत्या की आशंका को लेकर नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि घटना के बाद डीआईजी, एसपी, एएसपी सहित पुलिस के आला अधिकारीयों ने घटना का खुलासा कर मृतका बच्ची के मुंहबोले मामा हीरालाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन ने आरोपी हीरालाल के बहनोई गोविन्द के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की है। इस घटना के ठीक तीन दिन बाद एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुस्करा थाना प्रभारी राम आसरे सरोज का स्थानांतरण कर दिया है।पुलिस महकमे में हुई इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं। एसपी के इस फैसले से बुधवार को थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा