home page

सराय काले खां के पास 292 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, फोर्ड इकोस्पोर्ट कार भी जब्त

 | 
सराय काले खां के पास 292 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, फोर्ड इकोस्पोर्ट कार भी जब्त


नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 292 ग्राम उच्च गुणवत्ता की हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फोर्ड इकोस्पोर्ट कार को भी जब्त कर लिया है। बरामद हेरोइन की मात्रा व्यावसायिक श्रेणी में आती है।

दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने रविवार को बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनएस की टीम इलाके में सक्रिय तस्करों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी दौरान छह जून को टीम को एक तस्कर के सराय काले खां मेट्रो स्टेशन के पास आने की गुप्त सूचना मिली। सूचना को पुख्ता मानते हुए इंस्पेक्टर विष्णु दत्त के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस उपायुक्त के अनुसार पुलिस टीम ने सराय काले खां मेट्रो स्टेशन के निकट जाल बिछाकर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन में सवार 43 वर्षीय विनोद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दिल्ली के नांगलोई इलाके का रहने वाला है। जांच के दौरान उसके कब्जे से 292 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फोर्ड इकोस्पोर्ट कार भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सनलाइट कॉलोनी थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और सप्लाई चेन के आगे व पीछे के लिंक खंगालने में जुटी है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ हत्या का एक मामला और ओडिशा में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी के अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि राजधानी में नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी