ठक-ठक गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, छह लाख नकद समेत लाखों का चोरी का माल बरामद
नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने अंतरराज्यीय ठक-ठक गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर तीन चोरी और सेंधमारी के मामलों का पर्दाफाश किया है। आरोपितों के कब्जे से छह लाख रुपये नकद, एक मैकबुक, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, सेंधमारी के औजार और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंबेडकर नगर के दक्षिणपुरी निवासी गंगेश नायडू (40) और विक्रम (33) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों पेशेवर अपराधी हैं। गंगेश के खिलाफ दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद और कर्नाटक में चोरी के 34 से अधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विक्रम के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में चोरी, लूट और डकैती के 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने शनिवार को बताया कि 30 जून को एएटीएस को सूचना मिली थी कि ठक-ठक गैंग के दो सदस्य इलाके में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अमित दत्त शर्मा के नेतृत्व में एसआई शाजिद हुसैन, एएसआई रविंदर सिंह, महिला हेड कांस्टेबल सीमा समेत टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया।
जांच में पता चला कि दोनों आरोपित अंतरराज्यीय ठक-ठक गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। ये लोग बैंक या अन्य स्थानों से नकदी और कीमती सामान लेकर निकलने वाले लोगों की रेकी करते थे। इसके बाद किसी बहाने वाहन चालक का ध्यान भटकाकर कार या अन्य वाहन में रखा बैग और कीमती सामान चुराकर स्कूटी से फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपितों की गिरफ्तारी से अंबेडकर नगर, नेब सराय और हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर-65 थाने में दर्ज तीन मामलों का खुलासा हुआ है। बरामद सामान में छह लाख रुपये नकद, एक मैकबुक, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, पांच सोने के कंगन, तीन सोने की चेन, करीब 1.1 किलोग्राम चांदी के सामान, एक कलाई घड़ी, सैमसंग ईयरबड्स, सेंधमारी के औजार और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी शामिल है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश और बाकी चोरी के माल की बरामदगी में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

