'ठक-ठक' गैंग का सक्रिय बदमाश गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी, लैपटॉप और नकदी बरामद
नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने वाहन चालकों को निशाना बनाने वाले कुख्यात 'ठक-ठक' गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से चोरी की एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी, एक लेनोवो लैपटॉप, सात हजार रुपये नकद, वॉलेट, एप्पल टाइप-सी चार्जर, वनप्लस ईयरबड्स समेत अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से दिल्ली और गुरुग्राम के दो चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल के अनुसार एएटीएस की टीम डिफेंस कॉलोनी इलाके में दर्ज 'ठक-ठक' चोरी के एक मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान 23 जुलाई को गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपित विनोद (24) को दबोच लिया।वह अंबेडकर नगर का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान आरोपित के पास से चोरी की टीवीएस जुपिटर स्कूटी, सिल्वर रंग का लेनोवो लैपटॉप, 7,000 रुपये नकद, हरे रंग का वॉलेट, एप्पल 20 वॉट टाइप-सी चार्जर, वनप्लस ईयरबड्स और अन्य निजी सामान बरामद हुआ। जांच में बरामद सामान का संबंध डिफेंस कॉलोनी थाने में दर्ज चोरी के मामले और हरियाणा के गुरुग्राम स्थित डीएलएफ फेज-2 थाने में दर्ज एक अन्य मामले से पाया गया।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित 'ठक-ठक' गैंग का सक्रिय सदस्य है। इस गैंग के बदमाश सड़क किनारे खड़ी या धीमी गति से चल रही कारों को निशाना बनाते हैं। वे वाहन के शीशे या बॉडी पर 'ठक-ठक' कर चालक का ध्यान भटकाते हैं और इसी दौरान कार में रखा लैपटॉप, बैग, नकदी या अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम दे दी जाती है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार विनोद कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, स्नैचिंग, अवैध हथियार रखने और आबकारी अधिनियम के कुल 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इसके बावजूद वह लगातार चोरी और ठगी जैसी वारदातों में सक्रिय था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

