पति की हत्या में पत्नी और उसका साथी गिरफ्तार, 15 हजार रुपये बरामद
नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण जिले के संगम विहार में 55 वर्षीय मुन्ना लाल की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी मंजू उर्फ नाजिया और उसके साथी चमन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई। वहीं, आरोपितों को पनाह देने के आरोप में किशन को कानून के तहत पाबंद किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे रतिया मार्ग, संगम विहार में एक व्यक्ति के घायल हालत में पड़े होने की PCR कॉल मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मुन्ना लाल खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद संगम विहार थाने में FIR नंबर 325/2026 के तहत हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
लूट का रूप देने की कोशिश
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को फर्श साफ करने और खून के निशान मिटाने के प्रयास के संकेत मिले। घर के अंदर सामान की स्थिति भी संदिग्ध थी। इससे पुलिस को आशंका हुई कि हत्या को चोरी या लूट की वारदात का रूप देने की कोशिश की गई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। इसमें घर के आसपास एक महिला और एक अन्य व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति रात करीब 1:45 बजे घर में दाखिल होता और करीब 3:15 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। पुलिस के अनुसार, लगातार पूछताछ के दौरान मंजू उर्फ नाजिया ने चमन के साथ मिलकर साजिश में शामिल होने की बात बताई। जांच में हत्या के पीछे घरेलू विवाद, आर्थिक समस्याओं और कथित मारपीट व अपमान को वजह बताया गया है। जांच के मुताबिक, मुन्ना लाल को कथित तौर पर पहले नींद की गोलियां दी गईं। उनके सो जाने के बाद आरोपितों ने कथित तौर पर गला घोंटा, करंट लगाया और लकड़ी के डंडे से हमला किया। पुलिस के अनुसार चमन ने वारदात में शामिल होने के बदले पांच लाख रुपये और आर्थिक मदद लेने पर सहमति जताई थी। घटना के समय मंजू ने उसे 20 हजार रुपये दिए थे। पुलिस ने 45 वर्षीय मंजू उर्फ नाजिया और 20 वर्षीय चमन को गिरफ्तार किया है। दोनों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। वहीं, 28 वर्षीय किशन को आरोपितों को पनाह देने के आरोप में पाबंद किया गया है। पुलिस के अनुसार उसका भी कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। मामले की जांच में थाना संगम विहार और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने घटनास्थल की जांच, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

