home page

चीनी मांझे की 46 चरखियों के साथ आरोपित गिरफ्तार

 | 
चीनी मांझे की 46 चरखियों के साथ आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री के खिलाफ दक्षिण जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संगम विहार से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिले की स्पेशल स्टाफ की टीम ने उसके कब्जे से चीनी मांझे की 46 चरखियां बरामद की हैं। आरोपित की पहचान संगम विहार निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, चीनी मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक के बावजूद इसके अवैध कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसी के मद्देनजर दक्षिण जिला पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच सूचना मिली कि संगम विहार इलाके में एक व्यक्ति प्रतिबंधित चीनी मांझा बेच रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने बताए गए स्थान पर छापा मारा। यहां धर्मेंद्र को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 46 चरखियां बरामद हुईं। पुलिस ने सभी चरखियों को जब्त कर लिया है। इस संबंध में संगम विहार थाने में एफआईआर संख्या 239/2026 दर्ज की गई है। आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 223(बी) और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धारा 5/15 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धर्मेंद्र को प्रतिबंधित मांझा कहां से मिला था। जांच के दौरान उसके सप्लायर और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी