घर में काम करने वाले कर्मचारी ने चुराया लाखों का हीरा, दोस्त के साथ बेचने की बना रहा था योजना, गिरफ्तार
नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस के साउथ कैंपस थाना पुलिस ने घर में काम करने वाले कर्मचारी द्वारा की गई हीरे की चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी 22 वर्षीय मनीष चंद्र और दिल्ली के महिपालपुर निवासी 22 वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया कीमती हीरा, एक चोरी का मोबाइल फोन और दो अन्य मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें से एक मोबाइल फोन में चोरी किए गए हीरे की तस्वीरें मिली हैं, जिन्हें संभावित खरीदारों को भेजा गया था।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित मनीष चंद्र 12वीं तक पढ़ा है और हाउसकीपिंग स्टाफ के रूप में काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही शिकायतकर्ता के घर नौकरी पर लगा था। वहीं, उसका साथी अंकित कुमार 11वीं तक पढ़ा है और महिपालपुर स्थित एक होटल में हाउसकीपिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत है। पुलिस का कहना है कि अंकित ने चोरी के बाद हीरा बेचने में मनीष की मदद की।
पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई 2026 को साउथ कैंपस थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर में काम करने वाले कर्मचारी मनीष चंद्र ने काफी कीमत का हीरा चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पता चला कि मनीष ने घर में नौकरी शुरू करने के कुछ ही दिनों बाद मौका देखकर हीरा चुरा लिया। चोरी के तुरंत बाद उसने नौकरी छोड़ दी और फरार हो गया। उसने कई जगह हीरा बेचने की कोशिश की, लेकिन उसे कोई खरीदार नहीं मिला। इसके बाद उसने अपने परिचित अंकित कुमार से संपर्क किया। अंकित ने अपने मोबाइल फोन के जरिए चोरी किए गए हीरे की तस्वीरें कई लोगों तक भेजीं, ताकि उसके लिए खरीदार तलाशा जा सके।
मामले की जांच के लिए साउथ कैंपस थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपितों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली के अलावा हैदराबाद और उत्तराखंड के अल्मोड़ा में भी कई स्थानों पर छापेमारी की। लगातार प्रयासों और पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नानकपुरा, मोती बाग इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में मनीष चंद्र ने हीरा चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया हीरा बरामद कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी मिला, जो कमला मार्केट थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले का निकला। इसके अलावा एक और मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी वास्तविक मालिकाना हक की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

