home page

सूरसागर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा : साथ बैठकर शराब पी, फिर गोखरू लूट के इरादे से हत्या की

 | 
सूरसागर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा : साथ बैठकर शराब पी, फिर गोखरू लूट के इरादे से हत्या की


जोधपुर, 30 जून (हि.स.)। शहर की सूरसागर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का बुधवार काे खुलासा करते हुए हत्यारे को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने गोखरू लूट के इरादे से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपित और मृतक ने साथ बैठकर शराब भी पी थी। पुलिस ने आरोपित भूपेश को मथानिया से गिरफ्तार किया है।

सूरसागर थानाधिकारी हरीशचंद्र सोलंकी ने बताया कि पाली जिले के रोहिट थानान्तर्गत दासानिया बावरियों का बास निवासी 28 साल का गोविंद पुत्र भीमाराम बावरी 24 जून को अपने एक रिश्तेदार के मृत्यु के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने केरू आया था। जहां से वह बाद में निकल गया और फिर अपने एक अन्य रिश्तेदार पप्पूराम से मिलने मसूरिया की तरफ गया था। मगर फि र वह वहां से भी निकल गया।

थानाधिकारी हरीशचंद्र सोलंकी ने बताया कि 26 जून को सूचना मिली कि इंद्रोका गांव रोड पर किनारे एक शव पड़ा है। इस पर बाद में पड़ताल कर उसकी पहचान गोविंद बावरी के रूप में की गई। वह इंद्रोका कैसे और कब पहुंचा इसका पता लगाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया पता लगा कि उसके सिर में चोट का निशान है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया । उसके छोटे भाई ओमप्रकाश ने अज्ञात शख्स के खिलाफ हत्या में रिपोर्ट दी थी। रिश्तेदारों से पूछताछ में पता लगा कि वह अपनी मर्जी से निकला था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश