तालाब में मिला बेटे का शव, पिता ने जताई हत्या की आशंका
हमीरपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे मौदहा कस्बे के इलाही तालाब में बुधवार को 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। मृतक की पहचान कस्बे के पुरवा निवासी आमिर पुत्र बदरुद्दीन के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और अपने घर का इकलौता पुत्र था। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं स्वजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
दिवंगत के पिता बदरुद्दीन ने बताया कि आमिर दो नवंबर की शाम खाना खाने के बाद घर से निकला था, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा था। स्वजन पूरी रात और अगले दो दिनों तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने इलाही तालाब में उसका शव देखा और स्वजनों को सूचना दी। पिता का आरोप है कि आमिर के साथ पहले भी बंधक बनाकर मारपीट की घटना की जा चुकी है, जिसके चलते उन्हें उसकी हत्या किए जाने की पूरी आशंका है।
उन्होंने जल्द ही पुलिस को लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बुधवार को शाम बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की गहराई से जांच की जा रही है। आमिर तालाब तक कैसे पहुंचा, रातभर वह कहां था और मौत हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश इन सभी सवालों के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

