पिता का हत्यारा बेटा गिरफ्तार, शराब के लिए रुपये नहीं मिलने पर घटना को दिया था अंजाम
दो बीघा जमीन बेचकर रकम भी नशे में उड़ा चुका था आरोपी, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
बांदा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नशे की लत और पारिवारिक कलह ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। शराब पीने के लिए रुपये न देने पर पिता की हंसिया से हत्या करने वाले आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद की गई है। पुलिस की पूछताछ में पारिवारिक विवाद और नशे की लत हत्या की वजह सामने आई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बाधा पुरवा निवासी मोतीलाल (70) की शुक्रवार रात उनके बेटे नीलम ने हंसिया से कई वार कर हत्या कर दी थी। घटना के समय मोतीलाल कमरे में चाय बना रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में पहुंचे नीलम ने उनसे रुपये मांगे। पिता के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और उसने पीछे से सिर पर हंसिया से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मोतीलाल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद फरार हुए आरोपी की तलाश में पुलिस ने दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने निवादा मोड़ स्थित यात्री प्रतीक्षालय से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हंसिया बरामद की गई। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नशे की लत में बेच दी थी दो बीघा जमीन
मृतक के भतीजे देशराज के मुताबिक मोतीलाल के पास चार बीघा जमीन थी। इसमें से दो बीघा जमीन करीब दस लाख रुपये में बेच दी गई थी। आरोप है कि जमीन बिक्री से मिली रकम भी नीलम ने नशे में खर्च कर दी। हालत यह थी कि उसके पास गुटखा खाने तक के पैसे नहीं बचते थे। वह चोरी-छिपे गेहूं बेचकर अपनी लत पूरी करता था।
पत्नी के मायके जाने से भी था परेशान
परिजनों के मुताबिक नीलम का पत्नी अनुसुइया से अक्सर विवाद होता था। दोनों के बीच झगड़े के चलते अनुसुइया जून माह में गिरवां थाना क्षेत्र के बलखेरा गांव स्थित मायके चली गई थी। इसके बाद से वह ससुराल नहीं लौटी थी। पत्नी के मायके में रहने और नशे की लत के चलते नीलम परेशान रहता था। परिजनों का आरोप है कि बहू का भी सास-ससुर से विवाद होता था और वह उनके साथ मारपीट करती थी। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने हत्या अभियुक्त की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

