home page

औरैया : बेटे की शादी से पहले मकान में चोरी, दो लाख नकदी और साढ़े तीन लाख के जेवर पार

 | 
औरैया : बेटे की शादी से पहले मकान में चोरी, दो लाख नकदी और साढ़े तीन लाख के जेवर पार


औरैया, 02 नवबंर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल इलाके में बेटे की शादी की तैयारियों के बीच चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर सेफ में रखे दो लाख रुपये नकद और सोने की जंजीर व दो अंगूठियां चोरी कर लीं। नकदी और जेवर की कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये है। घटना के समय मकान की मालकिन नोएडा में इलाज करा रही थीं, जबकि उनकी बेटी छुट्टी के चलते उरई गई हुई थी।

सोमवार सुबह घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। पुलिस ने मौके से एक पर्स बरामद किया है। लक्ष्मी नगर मोहल्ले में ब्लाक रोड पर अस्पताल के सामने स्थित मकान में स्वर्गीय कैलाश बाबू पांडे की पत्नी कमोदनी पांडे अपनी शादीशुदा बेटी पूनम पांडे के साथ रहती हैं। पूनम बेसिक शिक्षा विभाग में अध्यापक हैं। इन दिनों कमोदनी अपनी छोटी बेटी अंजू पांडे के पास नोएडा में रहकर इलाज करा रही थीं। पूनम शनिवार को विद्यालय जाने के बाद रविवार की छुट्टी होने पर अपनी ससुराल उरई चली गई थीं।

इसी दौरान चोर आंगन में उतरकर गेट का ताला तोड़ते हुए अंदर पहुंचे। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर सेफ खोल ली और उसमें रखी नकदी व जेवर समेट ले गए। चोरों ने अन्य कमरों में रखे बक्से, बॉक्स वाले बेड और अलमारियां भी खंगालीं। घर का सामान बिखरा पड़ा मिला।

सोमवार को पूनम पांडे उरई से विद्यालय जाने के लिए अजीतमल पहुंचीं। घर से स्कूटी निकालने के लिए मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचीं तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने मोहल्ले के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। इस दौरान एक पर्स बरामद हुआ, जिस पर फोटो लगा हुआ था। पुलिस पर्स को अपने साथ ले गई। पूनम पांडे ने बताया कि चोर करीब दो लाख रुपये नकद और साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी कर ले गए हैं।

कमोदनी पांडे के बेटे रामजी पांडे लखनऊ में नौकरी करते हैं। उनकी शादी 21 नवंबर को होनी है और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में चोरी की घटना से परिवार को बड़ा नुकसान हुआ है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि चोरी की सूचना पर दरोगा को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है। घटनास्थल से एक पर्स मिला है। उसके आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपिताें को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार