home page

बेटे ने जमीनी विवाद में पिता पर बरसाई गोलियां, मौत,

 | 
बेटे ने जमीनी विवाद में पिता पर बरसाई गोलियां, मौत,


शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम

गाजियाबाद, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में बुधवार की देर रात 12 बजे के करीब बड़े बेटे ने जमीन विवाद में अपने पिता के ऊपर ताबड़तोड़ गोली चला दी। पिता को चार गोली लगी। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोपी पिस्टल लेकर फरार हो गया। हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्यारोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 4 टीमें लगाईं हैं, उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। खबर लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बतााया कि शराब के नशे में युवक ने जमीनी विवाद में पिता की हत्या की है।

सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव निवासी हरिओम चौधरी (55 वर्ष) की गिनती क्षेत्र के सम्मानित किसानों में थी। उनके नाम पर मोदीनगर के पास 75 बीघा जमीन है, जबकि मोदीनगर में दिल्ली- मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने मार्केट है। हरिओम के परिवार में पत्नी अनिता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू है।

एसीपी ने बताया कि बड़ा बेटा निखिल शराब पीने का आदी है, इसी को लेकर पिता उसे डांटते थे। बड़े बेटे को मार्केट में दुकानें और 25 बीघा जमीन भी दे रखी थी। लेकिन बेटा अपने हिस्से की जमीन अपने नाम कराना चाहता था, इस पर पिता कहते थे कि तू इस जमीन को भी शराब और अपने शौक में बेचकर खा जाएगा।

मृतक हरिओम चौधरी ने बुधवार की रात में अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ खाना खाया था, उस समय बड़ा बेटा घर पर नहीं था। वह देर रात को शराब पीकर घर आया । उन्होने बताया कि पिता ने बेटे को शराब पीने पर डांट दिया। जिसके बाद निखिल (32 साल) ने पिस्टल निकाल ली। जहां निखिल का पिता से विवाद होने लगा।

इस दौरान दूसरे कमरे से हरिओम की पत्नी अनीता और छोटा बेटा नीशू भी आ गए। जहां हाथापाई के बाद बड़े बेटे निखिल ने पिस्टल से गोली मार दी। चेहरे पर गोली लगने से हरिओम फर्श पर गिर पड़े, इसके बाद निखिल ने चेहरे, सीने और प्राइवेट पार्ट के पास भी गोलियां मारी।

हरिओम के दोनों बेटों की शादी नहीं हुई है, पुलिस की जांच में आया कि निखिल का शराब पीने को लेकर अपनी मां ओर पिता से पूर्व में भी झगड़ा होता रहता था। साल 2018 में भी निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर फायरिंग की थी, जिसमें एक गोली नीशू को लगी थी। अब पुलिस पूरे केस की भी जांच कर रही है।

एसीपी ने बताया कि बड़े बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की है। जांच में आया कि शराब पीकर बेटा घर में झगड़ा करता था। जमीन के विवाद को लेकर पुलिस जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमें लगाई गईं हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी