home page

कोलकाता में बेटे ने मां की गला घोंटकर हत्या की, आभूषण लेकर फरार

 | 
कोलकाता में बेटे ने मां की गला घोंटकर हत्या की, आभूषण लेकर फरार


कोलकाता, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर कोलकाता के बागुईहाटी इलाके में एक युवक पर अपनी मां की गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपित घर का दरवाजा बाहर से बंद कर आभूषण लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार रंजीत चक्रवर्ती और उनकी पत्नी रूमा चक्रवर्ती बागुईहाटी के जगतपुर क्षेत्र में कठपोल के पास एक किराए के भूतल फ्लैट में रहते थे। वे लगभग छह महीने पहले ही इस मकान में रहने आए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंगलवार को रूमा के पहले विवाह से पुत्र रुद्रदीप अपनी मां से मिलने आया था और वहीं रुका हुआ था।

बताया जा रहा है कि मां के पुनर्विवाह को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई। आरोप है कि गुस्से में आकर रुद्रदीप ने दुपट्टे से अपनी मां का गला घोंट दिया। इसके बाद वह घर में रखे सोने के आभूषण लेकर दरवाजा बंद कर फरार हो गया।

देर रात जब रूमा के पति रंजीत चक्रवर्ती घर लौटे तो उन्होंने दरवाजा बाहर से बंद पाया। उन्होंने पहले रिश्तेदारों से संपर्क कर पत्नी के बारे में जानकारी ली, लेकिन कोई सूचना नहीं मिलने पर मकान मालिक की मदद से अतिरिक्त चाबी लेकर घर का दरवाजा खोला। अंदर प्रवेश करने पर रूमा का शव बिस्तर पर पड़ा मिला और उनके गले में दुपट्टा कसकर बंधा हुआ था।

घटना की सूचना बागुईहाटी थाने को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य तथा न्यायिक जांच से जुड़े नमूने एकत्र किए। शव को बुधवार सुबह आर जी कर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल भेजा गया, जहां शव परीक्षण कराया जाएगा।

महिला के पति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपित की तलाश में छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपित नशे का आदी है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या का कारण केवल पारिवारिक विवाद था या इसके पीछे धन संबंधी कोई अन्य विवाद भी था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर