home page

नशेड़ी बेटे ने धारदार हथियार से की पिता की हत्या, गिरफ्तार

 | 

जलपाईगुड़ी, 21 नवंबर (हि.स.)। जलपाईगुड़ी शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना शनिवार सुबह सामने आई है। यहां नशे के आदी शख्स पर अपने पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना शुक्रवार रात शहर के नेताजीपाड़ा इलाके में हुई। मृतक की पहचान एपी लेप्चा (65) के रूप में हुई है, जबकि आरोपित बेटे का नाम पॉल लेप्चा (45) बताया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एपी लेप्चा अपने बेटे पॉल के साथ एक ही घर में रहते थे। शुक्रवार रात अचानक बेटे ने धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को तत्काल जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी पॉल लंबे समय से नशे का आदी था। उसे नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए पहले भी कई बार पुनर्वास केंद्र (रिहैब सेंटर) भेजा गया था। ।

पुलिस ने हत्या के आरोप में पॉल लेप्चा को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए कोतवाली थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार