पैसे नहीं देने पर पुत्र ने पिता की पत्थर से वार कर की हत्या
अररिया 01 जून(हि.स.)।
पुत्र के द्वारा पैसे की मांग करने पर पिता के नहीं देने पर कलयुगी पुत्र ने अपने पिता को पत्थर से वार कर हत्या कर दी।घटना बीते देर रात की है।घटना के बाद से आरोपी पुत्र फरार है और एसपी जितेंद्र कुमार ने मामले के उद्भेदन और फरार आरोपी पुत्र की गिरफ्तारी एसआईटी का गठन किया है।घटना बौसी थाना क्षेत्र के महसेली गांव की है।
घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, बौसी थाना क्षेत्र के महसेली गांव के वार्ड संख्या 3 निवासी 65 वर्षीय मो. लाईक और उनके 24 वर्षीय पुत्र खालीद के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ।खालिद अपने पिता से पैसे की मांग कर रहा था,जिसे 65 वर्षीय मो. लाईक ने देने से मना किया तो बेरहमी से पत्थर से उनपर वार कर पिता को बुरी तरह घायल कर दिया। सिर पर पिता की पत्थर से पिटाई के कारण वह लहूलुहान हो गया था।जिसके बाद परिजन आनन फानन में घायल को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे।जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस पूरे मामले में एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी बेटे की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।इसके लिए सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद से ही आरोपी पुत्र फरार है और पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।इधर घटना से परिजन समेत गांव वाले स्तब्ध हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

