पैसों के लेनदेन के विवाद में बेटे ने पिता की ईंट-कुल्हाड़ी से हत्या
हमीरपुर, 23 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कोतवाली नगर क्षेत्र के पाराओझी गांव में गुरुवार को पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने 84 वर्षीय पिता की ईंट और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, पाराओझी निवासी नवाब अली (84) का अपने पुत्र रमजान मुहम्मद (35) से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर रमजान मुहम्मद ने अपने पिता के सिर और चेहरे पर ईंट व कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से नवाब अली की मौत हो गई। घटना की सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के स्थानों की भी गहनता से जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। क्षेत्राधिकारी सदर यशपाल सिंह ने गुरुवार को बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी जारी है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

