home page

झुंझुनू में बेटे ने चाकू से वार कर अपनी मां को मार डाला

 | 
झुंझुनू में बेटे ने चाकू से वार कर अपनी मां को मार डाला


झुंझुनू, 09 जुलाई (हि.स.)। झुंझुनू जिले के नवलगढ़ कस्बे में पीडब्ल्यूडी विभाग में बाबू के पद पर तैनात बेटे ने 8 जुलाई की रात अपनी ही बुजुर्ग मां की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पूरे कमरे में खून फैल गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बेटे ने खुद अपनी बहन और बहनोई को फोन कर कहा कि मैंने मां को मार डाला है। मौके पर पहुंचे बेटी-दामाद और भतीजों ने लहूलुहान हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दामाद की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित बेटे को घर से ही डिटेन कर लिया है। यह पूरी घटना झुंझुनू के नवलगढ़ शहर में कृषि उपज मंडी के सामने की है।

नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि मूल रूप से गुढ़ा थाना क्षेत्र के सिंगनौर गांव का रहने वाला यह परिवार वर्तमान में नवलगढ़ कृषि उपज मंडी के सामने रह रहा था। मृतका की पहचान 59 साल की प्रभाती देवी पत्नी स्वर्गीय शीशराम के रूप में हुई है। आरोपित बेटा राजवीर (28) शराब पीने का आदी है। उसका अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा है। जिस कारण उसकी पत्नी अपने 5 साल के बेटे को लेकर पीहर गई हुई है। घर में राजवीर अपनी मां प्रभाती देवी के साथ ही रहता था।

8 जुलाई की रात करीब 10 बजे राजवीर का अपनी मां प्रभाती देवी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर राजवीर ने रसोई से चाकू उठाया और मां पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी और तड़पने लगी। मां को लहूलुहान करने के बाद आरोपित राजवीर ने भागने के बजाय अपनी दूसरे नंबर की बहन और जीजा शिवकुमार को फोन लगाया। उसने वारदात की जानकारी दी। फोन सुनते ही बहन-जीजा के होश उड़ गए। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रभाती देवी को नवलगढ़ के जिला अस्पताल ले गए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस की एफएसएल टीम ने मौके पर जांच कर सबूत जुटा कर आरोपित के मकान को सील कर दिया है। मृतका प्रभाती देवी के दामाद शिवकुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपित बेटे को घर से ही गिरफ्तार कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश