दामाद ने घर बुलाकर ससुर की कर दी हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस
भागलपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र से रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति की कथित तौर पर उसके ही सगे दामाद ने घर बुलाकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान अशोक कुमार दास के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है।
परिजन के अनुसार, अशोक कुमार दास ने करीब 15 वर्ष पहले अपनी बेटी आशा की शादी लालूचक चंपानगर निवासी रविंद्र तांती से कराई थी। दंपति के चार बच्चे भी हैं।
मृतक की पत्नी पुतुल देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
उन्होंने कहा कि दामाद रविंद्र तांती पांच लाख रुपये और घर अपने नाम लिखने की मांग करता था तथा दहेज को लेकर अक्सर विवाद करता था।
पुतूल देवी का आरोप है कि घटना वाले दिन ससुराल से फोन आया और कहा गया, अपने पति को ले जाओ, वह मर चुका है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो अशोक कुमार दास मृत मिले।
परिजन का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दामाद ने उन्हें घर बुलाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। वहीं, नाथनगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

