home page

मकान के विवाद में बेटे-बहू पर मां को जबरन सल्फास खिलाने का आरोप, मौत

 | 


मुरैना, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना शहर के सिद्ध नगर में मकान अपने नाम कराने को लेकर हुए विवाद में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। आरोप है कि बेटे और बहू ने वृद्धा को जबरन गेहूं में रखने वाली सल्फास की गोली खिला दी। हालत बिगड़ने पर परिजन और पड़ोसी उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला के वृद्ध पति के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी पति-पत्नी फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सोबरन सिंह सिकरवार मूल रूप से गलेथा गांव के निवासी हैं और वर्तमान में सिद्ध नगर में रहते हैं। उनके तीन बेटे हैं। इनमें दो बेटे राजेश और मनेन्द्र मुरैना से बाहर रहते हैं, जबकि तीसरा बेटा सतीश अपनी पत्नी राधा के साथ माता-पिता के साथ ही रहता है।

बताया गया है कि सतीश शराब का आदी है और लंबे समय से मकान अपने नाम कराने को लेकर माता-पिता से विवाद कर रहा था। रविवार रात मकान को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सतीश और उसकी पत्नी राधा ने वृद्ध माता-पिता के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद दोनों ने वृद्धा जलदेवी सिकरवार को जबरन सल्फास की गोली खिला दी।

गोली खाने के बाद जलदेवी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसी दौरान आरोपियों ने उनके पति सोबरन सिंह के साथ भी मारपीट की। घटना के बाद सतीश और राधा मौके से फरार हो गए। सोबरन सिंह की आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे और दोनों की मदद की। इसके बाद पड़ोसियों की सहायता से वृद्ध दंपती को जिला चिकित्सालय ले जाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद जलदेवी सिकरवार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और सोबरन सिंह के बयान दर्ज किए।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी सतीश और उसकी पत्नी राधा की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा