home page

चाय बना रही मां से झगड़ा, बेटे ने लाठी से पीट-पीटकर कर दी हत्या

 | 
चाय बना रही मां से झगड़ा, बेटे ने लाठी से पीट-पीटकर कर दी हत्या


डूंगरपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। दोवड़ा थाना क्षेत्र के भोजातो का ओड़ा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी के छोड़कर चले जाने से नाराज एक युवक ने अपनी मां से विवाद के बाद लाठी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। मृतका के पति ने बुधवार को अपने ही बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुखी ननोमा (58) के रूप में हुई है, जबकि आरोपित उसका 27 वर्षीय बेटा पवन है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपित की तलाश कर रही है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार सुखी ननोमा घर में चाय बना रही थी। इसी दौरान पवन अपनी पत्नी के उसे छोड़कर चले जाने की बात को लेकर मां से विवाद करने लगा। कहासुनी बढ़ने पर पवन ने गुस्से में चाय का बर्तन उठाकर फेंक दिया और वहां से भागने लगा।

मां ने बेटे को डांटते हुए उसके पीछे जाने की कोशिश की। इसी दौरान पवन का गुस्सा और बढ़ गया। उसने घर में रखी लाठी उठा ली और मां के सिर पर लगातार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से सुखी मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।

मृतका के पति वालेंग ननोमा ने पुलिस को बताया कि उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा पवन करीब छह साल पहले कैलाशी नाम की युवती के साथ प्रेम विवाह करके घर बसाया था। शादी के करीब एक साल बाद उनके बेटे का जन्म हुआ। इसके बाद कैलाशी बच्चे को छोड़कर चली गई।

परिजनों के अनुसार पत्नी के चले जाने के बाद से पवन तनाव और गुस्से में रहता था तथा इसी बात को लेकर आए दिन माता-पिता से विवाद करता था। मंगलवार को भी इसी मुद्दे को लेकर मां से उसकी कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद हत्या में बदल गया।

घटना की सूचना मिलते ही दोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

वारदात की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। एसआई नारायणलाल मईड़ा के अनुसार मृतका के पति की रिपोर्ट पर आरोपित बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच करते हुए फरार आरोपित पवन की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित