home page

धूपगुड़ी में बेटे ने की पिता की पीट-पीटकर हत्या, एक घायल

 | 
धूपगुड़ी में बेटे ने की पिता की पीट-पीटकर हत्या, एक घायल


जलपाईगुड़ी, 24 फ़रवरी (हि. स.)। धूपगुड़ी से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां मामूली विवाद में बेटे ने अपने पिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार को धूपगुड़ी महकमा के शालबाड़ी-जुरापानी इलाके की है। मृतक की पहचान सुकलाल मंडल के रूप में हुई है। वे शालबाड़ी-जुरापानी इलाके के निवासी थे। उनका छोटा बेटा सुसांत मंडल हमले में घायल हो गए।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह सुपारी के पेड़ के बंटवारे को लेकर सुकलाल मंडल और उनके बड़े बेटे रामनाथ मंडल के बीच कहासुनी शुरू हुई। आरोप है कि रामनाथ मंडल और उनके सहयोगी शिल्पी मंडल ने सुकलाल पर हमला कर दिया।

परिवार का आरोप है कि पहले सुकलाल मंडल पर बाल्टी से वार किया गया और फिर उन्हें लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटा बेटा सुसांत मंडल भी हमले में घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सुकलाल मंडल को तत्काल धूपगुड़ी महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी और बेटी का स्पष्ट आरोप है कि बड़े बेटे रामनाथ मंडल की पिटाई से ही सुकलाल की मौत हुई।

खबर लिखे जाने तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और प्रारंभिक जांच शुरू की है। मुख्य आरोपित रामनाथ मंडल को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद की जा सकेगी।

मृतक की बेटी प्रमीला मंडल ने कहा कि सिर्फ सुपारी के पेड़ को लेकर झगड़ा हुआ था। बड़े भाई ने पिता के साथ मारपीट की, उसी से उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शिकायत दर्ज होते ही मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय